लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कालीदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर प्रदेश के 11 शहीद सैनिकों के परिवारीजनों को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारीजनों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दूसरी बार शहीद सैनिकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जा रहा है। देश के लिए शहीद होने वालों के परिवारों का सम्मान करना हम सबका साझा दायित्व है। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों के प्रति संवेदनशील होकर काम कर रही है। सीएम ने कहा, 'सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में जमा होने वाली राशि का तीन गुना अंशदान प्रदेश सरकार दे रही है ताकि हमारे वीर सैनिकों के कल्याण के लिए पैसे की कमी न रहे। पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन यापन के लिए तीन लाख रुपये तक के बैंक ऋण पर चार प्रतिशत ब्याज भी सरकार वहन करेगी। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को 12 हजार देने का निर्णय भी सरकार ने लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके पहले भी विभिन्न ‘मेडल’ और ‘चक्र’ पाने वाले जवानों के लिए एकमुश्त सहायता राशि और वार्षिक धनराशि में भी सरकार ने काफी इजाफा किया है। सैनिकों के कल्याण और सुविधाओं के लिए 5.5 करोड़ रुपये से प्रयागराज, मेरठ, कौशांबी और मऊ में नए सैनिक कल्याण कार्यालय व विश्राम गृहों का निर्माण करवाया जा रहा है, जहां विश्राम गृह जर्जर हो गए थे, उन्हें सुधारा जा रहा है। 3.5 करोड़ रुपये से नौ जिलों में सैनिक विश्राम गृहों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। योगी ने कहा कि पूर्व सैनिकों को प्रदेश सरकार द्वारा समूह ‘ब’ और ‘स’ में 5% पदों पर आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों के लिए उपलब्ध सभी पदों पर भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति के लिए प्रभावी प्रयास कर रही है। डिफेंस एक्सपो में जनता देखेगी सेना के हथियार सीएम ने कहा कि प्रदेश में पहली बार फरवरी में डिफेंस एक्सपो लगेगा। इसमें सभी को रक्षा क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीक और शस्त्र देखने का मौका मिलेगा। डिफेंस कॉरिडोर में बड़े पैमाने पर निवेश किया जाना है। इससे रोजगार के अवसर बनेंगे। पीएम मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ की भावना के अनुरूप सेना को शस्त्रों से सुसज्जित करने में भी सफलता प्राप्त होगी।
from Lucknow News, Lucknow News in Hindi, लखनऊ समाचार (न्यूज़) | Navbharat Times https://ift.tt/35njMv1
No comments:
Post a Comment